अगली ख़बर
Newszop

दिल्ली क्राइम 3: क्या नई चुनौतियों का सामना करेंगे वर्तिका चतुर्वेदी?

Send Push
दिल्ली क्राइम का तीसरा सीजन आ रहा है



मुंबई, 9 नवंबर। भारत की सबसे प्रसिद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम' का तीसरा सीजन अब रिलीज के लिए तैयार है। इस सीरीज के निर्देशक तनुज चोपड़ा दर्शकों को पुलिस की संवेदनशील दुनिया में ले जाने के लिए तैयार हैं, जहां हर निर्णय एक भारी जिम्मेदारी के साथ आता है।


तनुज चोपड़ा ने बातचीत में बताया कि तीसरे सीजन की कहानी को उन्होंने वहीं से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है, जहां दूसरा सीजन समाप्त हुआ था।


दूसरे सीजन के अंत में, दिल्ली पुलिस की टीम को सजा के रूप में दूसरी जगहों पर ट्रांसफर कर दिया गया था, और यहीं से तीसरे सीजन की कहानी आगे बढ़ेगी।


तनुज ने कहा, ''शुरुआत में कई विकल्पों पर विचार किया गया था। क्या कहानी वहीं से शुरू करें, जब वर्तिका चतुर्वेदी अपने ट्रांसफर का सामान पैक कर रही है या फिर कुछ साल आगे जाकर दिखाएं कि उसके जीवन में क्या बदलाव आए? अंततः हमने तय किया कि कहानी एक साल आगे से शुरू होगी। तीसरे सीजन में वर्तिका को एक नई जगह और नए माहौल में देखा जाएगा, जहां उसकी चुनौतियां भी पहले से भिन्न होंगी।''


तनुज चोपड़ा ने यह भी बताया कि इस दौरान टीम ने यह सोचने में काफी समय लगाया कि किरदारों के जीवन में क्या बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा, ''समय के साथ हर इंसान बदलता है, तो 'दिल्ली क्राइम' के किरदार भी अब पहले जैसे नहीं हैं। इस सीजन में नीति (रसिका दुग्गल) को पहले से ज्यादा जिम्मेदारी मिली है। अब वह दिल्ली में कुछ हद तक वर्तिका की जिम्मेदारी निभा रही हैं। वहीं, वर्तिका खुद अब दिल्ली पुलिस की डीसीपी नहीं रहीं, बल्कि प्रमोशन पाकर डीआईजी बन गई हैं और असम में अपनी नई पोस्टिंग पर हैं। इस बदलाव के साथ सीरीज के भावनात्मक और पेशेवर पहलू भी गहराई से विकसित होंगे।''


'दिल्ली क्राइम' का पहला सीजन 2012 के निर्भया केस पर आधारित था, जिसने पुलिस और समाज दोनों की संवेदनाओं को झकझोर दिया था। वहीं, दूसरा सीजन भी दिल्ली पुलिस के नैतिक और मानसिक संघर्षों को दर्शाते हुए काफी सराहा गया। अब निर्देशक तनुज चोपड़ा तीसरे सीजन के माध्यम से दर्शकों को कुछ नया दिखाने के लिए तैयार हैं।


'दिल्ली क्राइम सीजन 3' 13 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।


न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें